नई दिल्ली। किसान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न (मरणोपरांत) दिया जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने तीनों शख्सियतों को सम्मान देने की जानकारी एक्स पर उनकी तस्वीरों के साथ शेयर की। चरण सिंह पांचवें और नरसिम्हा राव नौवें प्रधानमंत्री थे। कृषि वैज्ञानिक स्वामीनाथन को हरित क्रांति का जनक कहा जाता है। इससे पहले 3 फरवरी को भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और 23 जनवरी को बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर (मरणोपरांत) को भारत रत्न देने का ऐलान किया गया। इस साल 5 हस्तियों को यह सम्मान देने का ऐलान हो चुका है। इससे पहले 1999 में सबसे ज्यादा 4 लोगों को दिया गया था। 2014 में सत्ता संभालने के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा दिया गया यह दसवां भारत रत्न है। 1954 में ये सम्मान केवल जीवित रहते दिया जाता था, लेकिन 1955 में मरणोपरांत भी भी देने का प्रावधान जोड़ा गया।