वॉशिंगटन। अमेरिका में 500 से ज्यादा ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध घुसपैठ करके आए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता संभालने के बाद से ही इसे लेकर ऐक्शन तेज है। वाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट का कहना है कि गिरफ्तार 538 लोगों में से सैकड़ों लोग ऐसे हैं, जिन्हें अमेरिका से बाहर कर दिया गया है। इन्हें एक मिलिट्री एयरक्राफ्ट में बिठाकर बाहर छोड़ा गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने के लिए एक आदेश पर साइन भी किए हैं। इस कानून में कहा गया है कि बीते 4 सालों में अमेरिका में अवैध प्रवासियों की बाढ़ सी आ गई है। इन लोगों को बाहर निकालने की जरूरत है ताकि अमेरिकी संसाधनों का इस्तेमाल यहीं के लोगों के लिए किया जा सके। आदेश में कहा गया है, ‘लाखों प्रवासी अवैध रूप से सीमा में प्रवेश कर आए हैं। ये लोग सीधे फ्लाइट लेकर आए हैं या फिर कमर्शल फ्लाइट से चले आए हैं। अब ये अमेरिका के अलग-अलग इलाकों में बसे हुए हैं। यह सब अमेरिका के कानूनों का उल्लंघन करते हुए हुआ है।’ इसके आगे आदेश में ऐसे लोगों को अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया है। आदेश में कहा गया, ‘ये अवैध प्रवासी राष्ट्रीय सुरक्षा और पब्लिक सेफ्टी के लिए खतरा बन गए हैं। इसके अलावा निर्दोष अमेरिकी इनके द्वारा किए गए अपराधों का शिकार हो रहे हैं।