वाशिंगटन। चार साल बाद वापसी करते हुए डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अमेरिका के राष्ट्रपति बने हैं उन्होंने सोमवार (20 जनवरी, 2025) को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। उनके पद संभालते ही अवैध प्रवासियों के दिल की धड़कनें तेज हो चुकी हैं। इस बीच खबर है कि इसकी गाज अवैध भारतीय प्रवासियों पर पड़ने जा रही है। ब्लूमबर्ग का दावा है कि 18 हज़ार अवैध भारतीय प्रवासी अमेरिका से वापस भेजे जाएंगे। इस मुद्दे पर भारत और अमेरिका एक-दूसरे का सहयोग करने को तैयार हैं। अवैध घुसपैठ ट्रंप का बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है. इसके खिलाफ ट्रंप ने कार्यकारी आदेश जारी किया है।

शपथ लेने के बाद अवैध प्रवासियों को लेकर की घोषणा
दरअसल, शपथ लेने के बाद डोनाल्ड ट्रंप जो बड़ी घोषणाएं कीं उनमें अवैध प्रवासियों का मुद्दा भी शामिल था। उन्होंने अवैध रूप से अमेरिका पहुंचने वाले लोगों को हमेशा के लिए रोक लगाने की घोषणा की थी। एक अनुमान है कि अमेरिका में लगभग 7.25 लाख भारतीय अवैध रूप से रह रहे हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
उन्होंने बीते दिन कहा था, “अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर नेशनल इमरजेंसी घोषित करेंगे। अवैध प्रवेश को तुरंत रोका जाएगा और उनका प्रशासन लाखों अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके बाद से ही अमेरिका में रह रहे अवैध प्रवासियों पर खतरा मंडराने लगा है।