भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत स्वदेशी को अपनाते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शीघ्र ही भारत दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी अंत्योदय के स्वप्न को साकार कर गरीब कल्याण के संकल्प को साकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को देवास जिले के बागली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों को हर महीने वित्तीय सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
देवास को मिलीं कई सौगातें
मुख्यमंत्री ने 237 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नेमावर समूह जलप्रदाय योजना का लोकार्पण किया। साथ ही 34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का उद्घाटन किया और इसे बच्चों के बेहतर भविष्य की सौगात बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए देवास जॉब पोर्टल का शुभारंभ किया और कई युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने 87 करोड़ रुपये की लागत से बने 62 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 18 कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
21 लाख युवाओं को मिला रोजगार का अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद लगभग 1 लाख सरकारी पदों की भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 21 लाख युवाओं को अशासकीय नौकरियों और स्वरोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि देवास जिला कृषि क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और भविष्य में पंजाब-हरियाणा जैसे राज्यों को पीछे छोड़ेगा।
किसानों के लिए राहत योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीला मोजेक रोग से प्रभावित सोयाबीन किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए सरकार वित्तीय सहायता दे रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने के लिए भावांतर योजना लागू की गई है। सरकार सोयाबीन का 5328 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दिलवाने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने 50 हजार से अधिक किसानों को 24 करोड़ रुपये की सहायता राशि सिंगल क्लिक से उनके खातों में अंतरित की।
स्वदेशी को अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी दीपावली पर्व पर लोगों से स्वदेशी उत्पाद खरीदने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि “रामराज्य तभी आएगा जब समाज का सबसे कमजोर व्यक्ति भी खुशहाल होगा। उन्होंने बताया किसिंहस्थ 2028 की तैयारियां उज्जैन में जोरशोर से चल रही हैं, जो दुनिया का सबसे भव्य आयोजन होगा।
भव्य स्वागत एवं घोषणाएं
बागली आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने रोड शो के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री ने सोनकच्छ क्षेत्र में 50 हजार क्षमता की गौशाला और फतेहगढ़ घाट, बागली-जटाशंकर सड़क व दो जनजातीय छात्रावासों के निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक मुरली भंवरा, आशीष शर्मा, राजेश सोनकर, मनोज चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।