मुंबई। अरब सागर में बना चक्रवात ‘शक्ति’ (Cyclone Shakhti) अब गंभीर रूप ले चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्र में उथल-पुथल की चेतावनी जारी की है। तूफान की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई है और यह पश्चिम-दक्षिण पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है।

IMD की चेतावनी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने आपदा प्रबंधन दलों को सक्रिय कर दिया है। समुद्री तटीय जिलों में निकासी और राहत व्यवस्था की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

IMD के मुताबिक, ‘शक्ति’ अब गंभीर चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) बन गया है और गुजरात के द्वारका से लगभग 420 किमी दूर अरब सागर में केंद्रित है। यह 18 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 अक्टूबर तक यह तूफान पूर्वोत्तर दिशा में मुड़कर धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है

मछुआरों के लिए चेतावनी:
IMD ने रविवार तक गुजरात, उत्तर महाराष्ट्र और पाकिस्तान के तटीय इलाकों में समुद्र के बेहद उथल-पुथल भरे रहने की चेतावनी दी है। मछुआरों को 8 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।

अरब सागर में चक्रवातों का रुझान:
पिछले कुछ वर्षों में अरब सागर में चक्रवातों की संख्या में वृद्धि हुई है। ‘ताउते’ (2021) और ‘बिपरजॉय’ (2023) जैसे तूफान इसके उदाहरण हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समुद्र के बढ़ते तापमान के कारण अब अरब सागर में भी चक्रवातों की तीव्रता और संख्या दोनों बढ़ रही हैं।

नाम ‘शक्ति’ का अर्थ:
‘शक्ति’ नाम श्रीलंका द्वारा सुझाया गया था और यह क्षेत्रीय चक्रवात नामकरण प्रणाली के तहत रखा गया है। इस प्रणाली में भारत समेत 13 देश शामिल हैं।