नई दिल्ली। भारत और एशिया के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी शो इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 का आज नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आगाज हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन करते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी टेक्नोलॉजी क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
पीएम मोदी बोले – भविष्य अब ‘हियर एंड नाउ’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले फ्यूचर का मतलब अगले 10-20 साल होता था, लेकिन अब टेक्नोलॉजी इतनी तेजी से बदल रही है कि “द फ्यूचर इज हियर एंड नाउ।”
उन्होंने भारत में सस्ते डेटा पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि 1GB वायरलेस डेटा की कीमत अब एक कप चाय से भी कम है। डिजिटल कनेक्टिविटी अब किसी विलासिता नहीं बल्कि भारतीय जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी है।
टेक्नोलॉजी और 6G में भारत का नेतृत्व
पीएम मोदी ने कहा कि प्रदर्शनी में टेलीकॉम, 6G, एआई, साइबर सिक्योरिटी, सेमीकंडक्टर, ड्रोन और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में आने वाला समय अत्यधिक बदलने वाला है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत 6G टेक्नोलॉजी में दुनिया को लीड करेगा।
2 लाख ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड इंटरनेट
मोदी ने बताया कि भारत नेट परियोजना के तहत 2 लाख ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ा गया है। इसके अलावा अटल टिंकरिंग लैब (ATL) मिशन के माध्यम से 75 लाख बच्चों को नई टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया है।
IMC 2025 – एशिया का सबसे बड़ा टेक इवेंट
IMC 2025 में 150 देशों के 1.5 लाख से अधिक विजिटर्स और 400 से ज्यादा कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इस चार दिन के इवेंट में 800 से अधिक स्पीकर्स और 100 से ज्यादा सेशन होंगे। जापान, कनाडा, ब्रिटेन, रूस, आयरलैंड और ऑस्ट्रिया जैसे देशों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हैं।
मुख्य बिंदु:
-
1GB डेटा अब एक कप चाय से भी सस्ता।
-
भारत 6G टेक्नोलॉजी में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
-
2 लाख ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ा गया।
-
अटल टिंकरिंग लैब्स के जरिए 75 लाख बच्चों को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया।
-
IMC 2025 में 400 कंपनियां और 150 देशों के प्रतिनिधि शामिल।