मुंबई। गीतकार जावेद अख्तर ने तालिबानी नेता आमिर खान मुत्ताकी के भारत आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने भारत सरकार की ओर से अफगान तालिबान के विदेश मंत्री को मिले रिसेप्शन पर ऐतराज जताते हुए कहा, “यह देखकर मेरा सिर शर्म से झुक गया। मुत्ताकी वर्तमान में छह दिनों के भारत दौरे पर हैं। 2021 में तालिबान ने अफगानिस्तान में सत्ता संभाली थी और यह पहला मौका है जब किसी अफगान प्रतिनिधि ने भारत का दौरा किया है।
जावेद अख्तर ने एक्स (Twitter) पर लिखा:
“दुनिया के सबसे खूंखार आतंकवादी समूह तालिबान के प्रतिनिधि को हर तरह के आतंकवादियों के खिलाफ बोलने वालों द्वारा सम्मान और स्वागत दिया जाना शर्मनाक है। देवबंद को भी शर्म आनी चाहिए कि उसने अपने ‘इस्लामिक हीरो’ का ऐसा स्वागत किया। तालिबान उन लोगों में से हैं जिन्होंने लड़कियों की शिक्षा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया। मेरे भारतीय भाइयों और बहनों! हमारे साथ क्या हो रहा है?”
उनकी इस बात का सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ ने अख्तर के दृष्टिकोण की सराहना की, जबकि कुछ ने सवाल उठाया। एक यूजर ने लिखा कि जावेद अख्तर पाकिस्तान भी गए थे, जहां उन्होंने आतंकवाद से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया। तालिबानी नेता मुत्ताकी ने दौरे के दौरान देवबंद का भी दौरा किया, जहां उनका काफी गर्मजोशी से स्वागत हुआ। जावेद अख्तर की आलोचना ने इस मुद्दे पर बहस और बढ़ा दी है कि भारत में तालिबान प्रतिनिधि के स्वागत की क्या सटीक राजनीति और नैतिक संदेश है।