भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुपरहिट ‘लाड़ली बहना’ योजना में इस महीने से राशि बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रति लाभार्थी करने का ऐलान किया गया है। अक्टूबर में बहनों के खातों में 1250 रुपए के बजाय 1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। भाईदूज पर बहनों के खाते में पहले ही 250 रुपए अतिरिक्त दिए जा चुके थे।
सरकार के अनुसार अक्टूबर महीने में अतिरिक्त 318 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। राशि 15 अक्टूबर से पहले लाड़ली बहनों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। सितंबर में योजना के तहत 1.26 करोड़ लाभार्थियों को 1,541 करोड़ रुपए की 28वीं किस्त मिल चुकी है।
पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह अब सिर्फ चुनावी इवेंट बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना का भुगतान हर महीने कर्ज लेकर किया जा रहा है और इससे राज्य का वित्तीय बोझ बढ़ रहा है। वर्तमान में मध्यप्रदेश का कुल कर्ज 4,59,640 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।
सरकार ने इस साल 30 सितंबर को भी 1,000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। दिवाली के आसपास महिलाओं और कर्मचारियों की मांग को पूरा करने के लिए कर्ज लेने की संभावना बढ़ सकती है।
‘लाड़ली बहना’ योजना अब राज्य सरकार के लिए आर्थिक चुनौती बनती जा रही है, लेकिन लाभार्थियों के लिए राहत और सशक्तिकरण का साधन बनी हुई है।