पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने इस बार महिलाओं पर बड़ा दांव लगाया है। गठबंधन ने कुल 35 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जिनमें से 14 मौजूदा या पूर्व विधायक एक बार फिर अपनी तकदीर आजमाएंगी। राजग के प्रमुख घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 13 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें प्रमुख नाम हैं — लोकगायिका मैथिली ठाकुर (अलीनगर), अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह (जमुई), पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी (बेतिया), गायत्री देवी (परिहार), देवंती यादव (नरपतगंज), स्वीटी सिंह (किशनगंज), निशा सिंह (प्राणपुर), कविता देवी (कोढ़ा), रमा निषाद (औराई), अरुणा देवी (वारसलीगंज), छोटी कुमारी (छपरा), वीणा देवी (कोचाधामन) और संगीता कुमारी (मोहनियां, सुरक्षित)

भाजपा के छह महिला विधायक — रेणु देवी, श्रेयसी सिंह, कविता देवी, गायत्री देवी, निशा सिंह और अरुणा देवी — को फिर से मौका मिला है। जबकि रामनगर की भागीरथी देवी, कटोरिया की निक्की हेम्ब्रम और नरकटियागंज की रश्मि वर्मा को इस बार टिकट नहीं दिया गया। वहीं, पूर्व वीआईपी विधायक स्वर्णा सिंह, जो बाद में भाजपा में शामिल हुई थीं, उन्हें भी जगह नहीं मिली।

जदयू ने उतारीं 13 महिला प्रत्याशी

राजग के दूसरे बड़े घटक जनता दल (यूनाइटेड) ने भी 13 महिलाओं को चुनावी अखाड़े में उतारा है। इनमें प्रमुख नाम हैं — कविता साहा (मधेपुरा), कोमल सिंह (गायघाट), अश्वमेध देवी (समस्तीपुर), रवीना कुशवाहा (विभूतिपुर), शालिनी मिश्रा (केसरिया), श्वेता गुप्ता (शिवहर), मीना कामत (बाबूबरही), शीला मंडल (फुलपरास), सोनम रानी सरदार (त्रिवेणीगंज, सुरक्षित), शगुफ्ता अजीम (अररिया), लेसी सिंह (धमदाहा), मनोरमा देवी (बेलागंज) और विभा देवी (नवादा)। इनमें से मीना कामत, लेसी सिंह, शालिनी मिश्रा, शीला मंडल, मनोरमा देवी और विभा देवी को दोबारा चुनाव लड़ने का अवसर दिया गया है। जदयू ने इस बार त्रिवेणीगंज से बीणा भारती को टिकट नहीं दिया, जबकि रूपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती पहले ही राजद में शामिल हो चुकी हैं।

एलजेपी (रामविलास) और हम ने भी दिखाई महिला शक्ति

चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने छह महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है — संगीता देवी (बलरामपुर), रानी कुमारी (मखदुमपुर), सीमा सिंह (मढ़ौरा), विनिता मेहता (गोविंदपुर), बेबी कुमारी (बोचहा, सुरक्षित) और रूपा कुमारी (फतुहा)। वहीं, जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने दो महिला प्रत्याशियोंदीपा कुमारी (इमामगंज, सुरक्षित) और ज्योति देवी (बाराचट्टी, सुरक्षित) — को टिकट दिया है। दोनों ही ने पिछले चुनाव में जीत हासिल की थी और अब पुनः मैदान में हैं।

पिछले चुनाव की तुलना में मामूली कमी

वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में राजग ने 37 महिलाओं को टिकट दिया था — जिनमें जदयू की 22, भाजपा की 13, और हम व वीआईपी की एक-एक उम्मीदवार थीं। तब 17 महिलाएं विजयी रही थीं। इस बार उम्मीदवारों की संख्या थोड़ी कम जरूर हुई है, लेकिन गठबंधन ने महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की परंपरा को जारी रखा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार चुनावी रण में राजग की महिला ब्रिगेड कितनी सीटों पर विजय हासिल कर पाती है।