नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज से शुरू हो रहे चार दिवसीय महापर्व छठ की देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सादगी, संयम और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है, जो हमें एकता और संस्कृति से जोड़ता है। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी पोस्ट में लिखा, “नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ आज से चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ हो रहा है। बिहार सहित देशभर के श्रद्धालुओं को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। सभी व्रतियों को मेरा नमन और वंदन।
उन्होंने आगे लिखा कि हमारी संस्कृति का यह विराट उत्सव सादगी और संयम का प्रतीक है, जिसकी पवित्रता और नियम-निष्ठा अतुलनीय है। छठ के घाटों पर दिखाई देने वाला दृश्य पारिवारिक और सामाजिक सद्भाव की अद्भुत प्रेरणा देता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विश्व के कोने-कोने में छठ को संस्कृति के महाउत्सव के रूप में मनाया जाता है। पूरी दुनिया में बसे भारतवंशी परिवार इसकी परंपराओं में पूरी आत्मीयता से शामिल होते हैं। उन्होंने कामना की कि “छठी मइया सबको अपना भरपूर आशीर्वाद दें।”
श्री मोदी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, उपासना और प्रकृति प्रेम का अनूठा संगम है। इसमें जहां अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, वहीं प्रसाद में प्रकृति के विविध रंग झलकते हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में उन्हें बिहार के बेगूसराय जाने का अवसर मिला, जहां का संबंध प्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा से रहा है। उन्होंने कहा कि शारदा सिन्हा और बिहार के अन्य लोक कलाकारों ने अपने गीतों से छठ पर्व को विशेष भाव से जोड़ा है।
मोदी ने अपनी पोस्ट के साथ छठी मइया के कुछ लोकप्रिय गीत भी साझा किए और कहा कि इन्हें सुनकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है।
