मॉस्को। दुनिया पहले से ही युद्ध और तनाव के बीच झूल रही है, ऐसे में रूस का एक और कदम वैश्विक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को घोषणा की कि रूस ने अपनी परमाणु-संचालित क्रूज मिसाइल ‘बुरेवेस्तनिक’ का सफल परीक्षण किया है। इस मिसाइल की मारक क्षमता करीब 14,000 किलोमीटर है और यह किसी भी मौजूदा मिसाइल रक्षा प्रणाली को चकमा देने में सक्षम बताई जा रही है। पुतिन ने कहा कि यह हथियार रूस की रणनीतिक क्षमता को और मजबूत करेगा और इसे जल्द ही तैनात करने की तैयारी की जा रही है। रूस के जनरल स्टाफ प्रमुख वैलेरी गेरासिमोव ने जानकारी दी कि परीक्षण के दौरान मिसाइल करीब 15 घंटे तक हवा में रही और इस दौरान लगभग 14,000 किमी की दूरी तय की।
हर सुरक्षा कवच को भेदने में सक्षम
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बुरेवेस्तनिक’ मिसाइल हवाई और मिसाइल रक्षा प्रणालियों को आसानी से भेद सकती है। पुतिन ने कहा कि इस हथियार के तैनाती ढांचे पर काम शुरू हो गया है। इस बीच रूस के विशेष दूत किरिल दिमित्रिएव ने बताया कि इस परीक्षण की जानकारी अमेरिकी प्रशासन को हाल ही में हुई मुलाकात के दौरान दी गई।
यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और रूस के रिश्ते लगातार बिगड़ रहे हैं। अमेरिका ने हाल ही में रूस की दो प्रमुख तेल कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं, जबकि पुतिन के साथ प्रस्तावित शिखर सम्मेलन भी रद्द कर दिया गया है।
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बढ़ा तनाव
रूस ने पिछले सप्ताह भी पुतिन की मौजूदगी में रणनीतिक परमाणु बलों का अभ्यास किया था। वहीं, मॉस्को में रविवार रात ड्रोन हमलों की एक नई लहर देखी गई। शहर की हवाई रक्षा प्रणाली ने दर्जनों ड्रोन मार गिराए, लेकिन इसके चलते ज़ुकोव्स्की और डोमोडेडोवो हवाई अड्डों पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं।
उधर, रूस ने यूक्रेन पर भी 100 से अधिक ड्रोन हमले किए। कीव में ऊंची इमारतों पर हुए हमलों में तीन लोगों की मौत और 33 घायल हुए, जिनमें सात बच्चे शामिल हैं। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि एक चार साल का बच्चा भी घायल हुआ है।
बढ़ती वैश्विक चिंता
विश्लेषकों का मानना है कि ‘बुरेवेस्तनिक’ के सफल परीक्षण के बाद रूस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह परमाणु शक्ति संतुलन के नए चरण में प्रवेश कर चुका है। अमेरिका और यूरोपीय देशों में इस कदम को लेकर गंभीर चिंता और रणनीतिक अस्थिरता की आशंका जताई जा रही है।
