कोलंबो। श्रीलंका की नौसेना ने उत्तरी श्रीलंका के तलाईमन्नार में 47 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी पांच नौकाएं जब्त कर ली हैं। उन पर श्रीलंका के जलक्षेत्र में अवैध मछली पकड़ने का आरोप है।
गिरफ्तारियां मन्नार और डेल्फ्ट के समुद्री क्षेत्रों में चलाए गए समन्वित गश्ती अभियानों के दौरान हुईं। नौसेना ने कहा कि गिरफ्तार मछुआरों और उनके उपकरणों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्तर में स्थित मत्स्य निरीक्षक कार्यालय को सौंप दिया जाएगा।
श्रीलंकाई नौसेना प्रवक्ता कमांडर बुद्धिका संपत ने बताया कि अभियान कल देर रात शुरू हुआ और बृहस्पतिवार की तड़के सुबह तक चला। भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय संबंधों में मछुआरों का मुद्दा विवादास्पद बना हुआ है। पिछले महीने भी उत्तरी श्रीलंका के जाफना के पास 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था और उनकी नावें जब्त की गई थीं।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह मुद्दा दोनों देशों के बीच जलक्षेत्र और मछुआरों के अधिकारों को लेकर तनाव का स्रोत बना हुआ है।