Chandra Grahan 2026: साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च को लगेगा। यह चंद्र ग्रहण साल का सबसे लंबे समय तक चलने वाला ग्रहण भी होगा। ग्रहण के दिन चंद्रमा सिंह राशि में संचार करेंगे और इस दिन मंगलवार होगा। यह ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा इसलिए ग्रहण का सूतक भी मान्य रहेगा। ऐसे में आइए जान लेते हैं कि चंद्र ग्रहण भारत में कब से कब तक रहेगा और कितने समय तक यह भारत में दिखाई देगा। इसके साथ ही हम बताएंगे कि ग्रहण का सूतक भारत में कब से शुरू हो जाएगा।

चंद्र ग्रहण का समय काल 

चंद्र ग्रहण 3 मार्च के दिन दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा। वहीं चंद्र ग्रहण का समापन शाम 6 बजकर 47 मिनट पर होगा। चंद्रग्रहण का खग्रास शाम 4 बजकर 34 मिनट से शुरू होगा। खग्रास का अर्थ है जब चंद्रमा पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा।

भारत में कब दिखेगा चंद्र ग्रहण 2026?

चंद्र ग्रहण के दिन भारत में चंद्रोदय शाम 6 बजकर 22 मिनट पर होगा। वहीं चंद्र ग्रहण की समाप्ति 6 बजकर 47 मिनट पर होगी। ऐसे में चंद्र ग्रहण भारत में बहुत कम समय लगभग 25 मिनट तक दिखाई देगा। हालांकि चंद्रोदय का समय भारत के अलग स्थानों पर अलग-अलग हो सकता है। ऐसे में चंद्रग्रहण की अवधि भारत के विभिन्न राज्यों में कम या ज्यादा भी हो सकती है। हालांकि, भारत की राजधानी दिल्ली में चंद्रोदय 6 बजकर 22 मिनट पर ही होगा।

भारत में चंद्र ग्रहण का सूतक कब से कब तक रहेगा?

चंद्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण लगने से 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है। ऐसे में चंद्र ग्रहण का सूतक भारत में सुबह 6 बजकर 20 मिनट से शुरू हो जाता है।  चंद्र ग्रहण के सूतक काल में किसी भी तरह का शुभ कार्य आपको नहीं करना चाहिए। भगवान की मूर्तियों को स्पर्श भी इस दौरान नहीं किया जाता और नाही भोजन बनाया और खाया जाता है। बाल और नाखून काटने से भी इस दौरान बचना चाहिए।