पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी बुधवार को हावड़ा में चुनाव प्रचार के दौरान भड़क गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुभेंदु अधिकारी को गुस्से में चिल्लाते हुए देखा जा सकता है। इस घटना के बारे में बीजेपी नेता ने बताया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर उनके रोड शो में भड़काऊ नारे लगाए। उन्होंने इस घटना के बाद बाली के थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है। सुभेंदु अधिकारी बाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार संजय सिंह के समर्थन में रोड शो करने गए थे। उनका रोड शो चल रहा था। इसी बीच कुछ टीएमसी समर्थक इसमें शामिल हो गए और नारेबाजी करने लगे। इससे सुभेंदु भड़क गए। वह टीएमसी कार्यकर्ताओं के दखल देने पर अपना आपा खो बैठे।
भड़काऊ नारे लगा रहे थे टीएमसी कार्यकर्ता
सुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने ममता को नंदीग्राम सीट पर हराया था। इस बार वह भवानीपुर से भी चुनाव लड़ रहे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भाजपा उम्मीदवार को टीएमसी कार्यकर्ताओं पर भड़कते देखा जा सकता है। टीएमसी कार्यकर्ता सुभेंदु अधिकारी की रैली के बीच में ‘जय बांग्ला’ सहित कई तरह के नारे लगा रहे थे।
थाना प्रभारी को हटाने की मांग
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “मैं लगभग 5,000 समर्थकों के साथ शांति से प्रचार कर रहा था। लेकिन कुछ तृणमूल समर्थकों ने जानबूझकर भड़काऊ नारे लगाए, माहौल खराब करने की कोशिश की। मैं बाली पुलिस स्टेशन थाना प्रभारी को तुरंत हटाने की मांग करता हूं।”
बंगाल में दो चरण में चुनाव
294 विधानसभा सीट वाले पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होगी। नतीजों का ऐलान 4 मई को किया जाएगा।
