नई दिल्ली। लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग हुई जिसमें सत्ता पक्ष को दो तिहाई बहुमत नहीं मिल सका। विपक्ष के विरोध के बाद संसद में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो सका। इसके बाद एनडीए लगातार विपक्ष  पर हमलावर है। इस बीच आज कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री भी विपक्ष पर हमलावर रहे। पीएम मोदी ने कैबिनेट बैठक में कहा कि महिलाओं को 2029 से लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण देने वाले बिल को गिराकर विपक्ष ने बहुत बड़ी गलती की है।पीएम मोदी ने कहा, देश की महिलाएं उनको माफ नहीं करेगी,उनको भुगतना पड़ेगा । सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का समर्थन न करके विपक्ष ने गलती की है। अब उनको भुगतना पड़ेगा। पीएम मोदी ने इस बात को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने देश की महिलाओं को हराया है। विपक्ष को महिलाओं को जवाब देना पड़ेगा। इसको जन-जन तक गांव-गांव तक ले जाना है।

किरेन रिजिजू का कांग्रेस पर हमला

बिल पास न हो पाने पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम सभी इस बात से दुखी हैं कि कांग्रेस और विपक्ष ने दो तिहाई बहुमत से संविधान में संशोधन की अनुमति नहीं दी। यह हमारी सरकार या पार्टी के लिए नुकसानदायक नहीं है। हम दुखी हैं कि इससे नुकसान देश की महिलाओं का हुआ है।