बिहार में सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अब नया सीएम चुनने को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच, सूत्रों के हवाले से राज्य में नई सरकार का खाका सामने आ गया है। बताया जा रहा है कि बीजेपी का सीएम समेत कुल 15 मंत्री हो सकते हैं। वहीं जेडीयू खेमे से एक उपमुख्यमंत्री और 15 मंत्री हो सकते हैं।
निशांत बनेंगे डिप्टी सीएम!
सूत्रों ने बताया कि अगर सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार डिप्टी सीएम बनते हैं तो जेडीयू का एक ही डिप्टी सीएम होगा। इसके अलावा जेडीयू कोटे से भी कुल 15 मंत्रियों को सरकार में जगह दी जाएगी। इसके अलावा सहयोगी पार्टियों लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से दो मंत्रियों को जगह मिल सकती है। उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम और जीतन राम मांझी के हम पार्टी को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है।
स्पीकर बीजेपी का ही
इसके अलावा नई सरकार में स्पीकर फिर से बीजेपी का ही होगा। इस वक्त गया सदर से बीजेपी विधायक प्रेम कुमार विधानसभा के स्पीकर हैं। गौरतलब है कि गुरुवार को सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके कहा था कि वो राज्यसभा जाना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा के लिए पर्चा भी भर दिया। सीएम नीतीश के पर्चा भरने के दौरान गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद थे। हालांकि, नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले के उनकी पार्टी में काफी विरोध भी हो रहा है।
